टिहरी गढ़वाल: जनपद के बौराड़ी क्षेत्र में एशियाई विकास बैंक (ADB) की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों में कथित लापरवाही को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए संबंधित अधिकारियों को एक कमरे में बंधक बना लिया।
बौराड़ी उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि एडीबी द्वारा गैस गोदाम मार्केट में अधूरे कार्यों को पूरा दिखाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि जब तक सभी कार्य पूरी तरह से संपन्न नहीं हो जाते, तब तक बाजार को खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
व्यापार मंडल ने एडीबी के परियोजना प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि साइट इंजीनियर और ठेकेदार द्वारा ओपर थिएटर मार्केट क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
व्यापारियों ने यह भी बताया कि फर्नीचर मार्केट के मुख्य द्वार पर अभी तक कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। यहां रैंप निर्माण, फ्लोरिंग, पेंटिंग, लैंडस्केपिंग, विद्युत कार्य, शौचालय निर्माण, खिड़कियों के फ्रेम और शीशे लगाने जैसे कई जरूरी काम अधूरे हैं।
व्यापार मंडल ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से मांग की है कि सभी लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि व्यापारियों और आम जनता को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।



