गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी: खंडहर से बरामद 65 सिलिंडर, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
क्षेत्र में गैस सिलिंडरों की किल्लत के बीच कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासनिक टीम ने एक खंडहरनुमा परिसर में छापा मारकर बड़ी मात्रा में गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन सक्रिय हो गया था। रविवार दोपहर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रशासनिक टीम ने ग्राम परमानंदपुर में एक पुराने बंद पड़े पोल्ट्री फार्म में छापेमारी की। यहां खंडहरनुमा चहारदीवारी के भीतर छिपाकर रखे गए कुल 65 गैस सिलिंडर बरामद किए गए, जिनमें 53 खाली और 16 भरे सिलिंडर शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान मिला गांजा और कच्ची शराब
छापेमारी के दौरान टीम को मौके से करीब 3.17 किलोग्राम गांजा और लगभग 100 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई। बरामद सिलिंडरों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर तन्मय मैथानी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। वहीं, आईटीआई कोतवाली पुलिस ने गांजा और कच्ची शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
बताया गया कि एसडीएम अभय प्रताप सिंह और तहसीलदार पंकज चंदोला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दभौरा मुस्तहकम परमानंदपुर स्थित एक पुराने पोल्ट्री फार्म में गैस सिलिंडर जमा किए गए हैं। आरोप है कि इन सिलिंडरों की कालाबाजारी जुबैर अली निवासी ग्राम घोसीपुरा पट्टीकला, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा की जा रही थी।
सूचना के आधार पर पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर सिलिंडरों को बरामद किया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए प्रशासन ने गुप्त रूप से टीम भी गठित की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यूपी में कथित पत्रकार बताया जा रहा आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जुबैर अली उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मसवासी क्षेत्र में कथित पत्रकार भी बताया जाता है। वह ग्राम परमानंदपुर में बीड़ी-सिगरेट के खोखे की आड़ में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी और मादक पदार्थों का अवैध कारोबार चला रहा था।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जुबैर अली लंबे समय से गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी में लिप्त था। करीब एक वर्ष पहले रामपुर जिले के मसवासी क्षेत्र में भी पुलिस द्वारा उसके खिलाफ गैस सिलिंडर की कालाबाजारी को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है। जांच में यह भी पता चला है कि उसका एक अन्य ठिकाना सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में भी है, जहां वह एक दुकान से इसी तरह का अवैध कारोबार चलाता था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।



