हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रविवार सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधिया बंध में स्नान करते समय गाजियाबाद से आए दो दोस्त गंगा के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब सवा घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों युवकों के शव गंगा से बरामद कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। सुबह के समय जब वे दूधिया बंध क्षेत्र में गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर गहराई में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें डूबते देखा तो तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग सवा घंटे की तलाश के बाद दोनों युवकों के शव गंगा से बाहर निकाले गए।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी (43) पुत्र राजनाथ त्रिपाठी निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद और सचिन त्यागी (39) पुत्र जगजीत सिंह त्यागी निवासी राजनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
दोनों के शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गंगा में डूबे दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने मामले की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने गंगा किनारे स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा में उतरते समय सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



