उत्तराखंड में अपराधियों के खिलाफ चलेगा ‘ऑपरेशन प्रहार’, कानून व्यवस्था पर सख्त हुए मुख्यमंत्री धामी

देहरादून: उत्तराखंड में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अब पूरे प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस को व्यापक स्तर पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

राजधानी देहरादून में हाल ही में सामने आई आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय में कानून-व्यवस्था को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेशभर में अपराधियों, असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए सख्ती से काम करने के आदेश भी दिए गए।

देहरादून की घटना के बाद तुरंत कार्रवाई

मुख्यमंत्री के निर्देश पर देहरादून में हाल ही में हुई पूर्व ब्रिगेडियर की हत्या के मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार और उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे सरकार की सख्ती का उदाहरण बताते हुए कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को निर्देश दिए कि प्रदेश में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही देर रात निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर सख्ती बरतने को कहा गया है।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और हुड़दंग करने वाले तत्वों, अवांछित गतिविधियों में शामिल लोगों तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। रोड रेज, फायरिंग और देर रात होने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

बैठक में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

  • आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को देहरादून की कानून व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
  • एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल को अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपते हुए उनकी जवाबदेही तय करने और क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने को कहा गया।
  • आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

मुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं फील्ड में सक्रिय रहें और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाएं। बैरियर्स पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के साथ विशेष रूप से सुबह के समय पुलिसबल की सक्रियता बढ़ाने को कहा गया है।

किरायेदारों और पीजी का होगा सत्यापन

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Previous articleHaridwar News: रानीपुर विधायक आदेश चौहान को बड़ी राहत, सीबीआई कोर्ट के फैसले को जिला अदालत ने किया निरस्त; प्रताड़ना मामले में बरी