देहरादून: रायपुर थाने की हवालात में PRD जवान की संदिग्ध मौत, पत्नी ने लगाया मारपीट का आरोप, डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम

देहरादून: रायपुर थाने की हवालात में PRD जवान की संदिग्ध मौत, पत्नी ने लगाया मारपीट का आरोप

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी के दौरान एक पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक जवान की पहचान सुनील रतूड़ी के रूप में हुई है। शनिवार को उसका शव हवालात के अंदर कंबल से बने फंदे में लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रविवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। पूरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे।

शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर सूचना मिली थी कि लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान करने से इनकार कर रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में पाया गया।

पुलिस का कहना है कि काफी समझाने के बावजूद जब वह व्यक्ति नहीं माना तो उसे रायपुर थाने लाया गया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में लाए जाने के बाद भी उसने हंगामा किया, जिसके चलते पुलिस ने उसे हवालात में बंद कर दिया।

हवालात में बेसुध मिला जवान

पुलिस के मुताबिक कुछ देर बाद जवान हवालात के अंदर बेसुध अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी तुरंत उसे कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हवालात के अंदर हुई इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

पत्नी ने लगाया मारपीट का आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक जवान के परिजन अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। मृतक की पत्नी ने पुलिस पर आरोप लगाया कि थाने में जवान के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया मामले का संज्ञान

घटना की सूचना मिलते ही आईजी आनंद स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हवालात के अंदर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Previous articleमन की बात के 132वें एपिसोड को सीएम धामी ने जनप्रतिनिधियों संग सुना, बोले—यह देश का सबसे प्रेरणादायी जनसंवाद मंच