देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को सुना। देहरादून के इन्द्रानगर स्थित होटल रॉयल इन पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ भागीदारी करते हुए कार्यक्रम के विभिन्न विषयों पर अपने विचार भी साझा किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक अद्वितीय जनसंवाद मंच है। यह कार्यक्रम विश्व के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबे समय तक चलने वाले प्रेरणादायी कार्यक्रमों में शामिल है, जो समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के कोने-कोने में कार्य कर रहे उन लोगों का उल्लेख करते हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद असाधारण कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। ‘मन की बात’ ऐसे व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य करता है। उनके अनुसार इन प्रेरणादायी कहानियों से देशभर के नागरिकों में सकारात्मक ऊर्जा और सेवा भावना का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कई कार्यक्रमों में उत्तराखंड का विशेष रूप से उल्लेख करते हैं। ‘मन की बात’ के कई एपिसोड में राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जिक्र किया गया है, जिससे उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं भी उत्तराखंड के कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर चुके हैं। इनमें आदि कैलाश और उत्तरकाशी जिले का हर्षिल-मुखवा क्षेत्र प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री के इन दौरों और उनके द्वारा राज्य के पर्यटन स्थलों के उल्लेख का सकारात्मक प्रभाव पर्यटन गतिविधियों में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान वर्ष में उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। अब तक लगभग डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक राज्य में शीतकालीन यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं। वहीं आदि कैलाश क्षेत्र में 36,700 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन और भ्रमण के लिए पहुंचे हैं, जो राज्य में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके तहत पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय व्यवस्थाओं का विकास तथा डिजिटल सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने और रोजगार सृजन का प्रमुख माध्यम बना रही है। इसके लिए ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।



