Uttarakhand: रुद्रप्रयाग की बेटी सभ्या नेगी का अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन, गांव पहुंचने पर ढोल-दमाऊं के साथ भव्य स्वागत

रुद्रप्रयाग:

जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की होनहार क्रिकेटर सभ्या नेगी का उत्तराखंड महिला अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। अपने गांव मर्गांव (पणधारा) पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका ढोल-दमाऊं और फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

अगस्त्यमुनि ब्लॉक की बच्छणस्यूं पट्टी स्थित मर्गांव (पणधारा) की रहने वाली 24 वर्षीय सभ्या नेगी ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। वह दरबान सिंह नेगी की पुत्री हैं और बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका विशेष लगाव रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद सभ्या ने लगातार मेहनत और लगन से क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है।

बतौर ऑलराउंडर सभ्या नेगी ने इससे पहले भी उत्तराखंड महिला प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन किया था। फाइनल मुकाबले में उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके इस प्रदर्शन के चलते चयनकर्ताओं की नजर उन पर पड़ी और अब उनका चयन उत्तराखंड महिला अंडर-23 क्रिकेट टीम में हुआ है।

सभ्या की इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और फूलमालाओं से सम्मानित किया।

ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट ने कहा कि सभ्या नेगी ने अपने कठिन परिश्रम से क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने सभ्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

Previous articleRoorkee: पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर ट्रांसपोर्टर पर हमला, युवकों ने की बेरहमी से पिटाई, सिर फोड़ा; डेढ़ लाख रुपये लूटने का आरोप
Next articleमन की बात के 132वें एपिसोड को सीएम धामी ने जनप्रतिनिधियों संग सुना, बोले—यह देश का सबसे प्रेरणादायी जनसंवाद मंच