Roorkee: पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर ट्रांसपोर्टर पर हमला, युवकों ने की बेरहमी से पिटाई, सिर फोड़ा; डेढ़ लाख रुपये लूटने का आरोप

रुड़की। रामनगर बाजार क्षेत्र में पत्नी से छेड़खानी का विरोध करना एक ट्रांसपोर्टर को भारी पड़ गया। तीन युवकों ने विरोध करने पर ट्रांसपोर्ट कारोबारी पर हमला बोल दिया और लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में ट्रांसपोर्टर के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को उपचार के दौरान कई टांके लगाने पड़े। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कृष्णानगर निवासी तुषार अरोड़ा पुहाना चौक पर ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। शनिवार शाम वह अपनी पत्नी मोनिका अरोड़ा और बेटे के साथ रामनगर बाजार घूमने आए थे। इसी दौरान वे लेबर चौक के पास फास्ट फूड खाने के लिए रुक गए।

बताया जा रहा है कि इसी समय तीन युवक बाइक पर वहां पहुंचे और तुषार की पत्नी पर फब्तियां कसने लगे। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने छेड़खानी भी शुरू कर दी। मोनिका अरोड़ा ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। जब तुषार अरोड़ा ने इसका विरोध किया और युवकों को ऐसा करने से रोका तो वे आक्रामक हो गए।

आरोपियों ने तुषार पर लात-घूसों से हमला कर दिया। मारपीट में तुषार के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं और उनका सिर फट गया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर तुषार को हमलावरों से छुड़ाया।

पीड़ित तुषार अरोड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावर उनकी जेब में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये भी छीनकर फरार हो गए।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleउत्तराखंड में PCS और लोअर PCS भर्ती में देरी पर शासन सख्त, 1 अप्रैल को सचिवालय में सभी विभागों की अहम बैठक
Next articleUttarakhand: रुद्रप्रयाग की बेटी सभ्या नेगी का अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन, गांव पहुंचने पर ढोल-दमाऊं के साथ भव्य स्वागत