नई दिल्ली।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकासात्मक प्रस्तावों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली से मेरठ तक संचालित रैपिड रेल सेवा का विस्तार हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक करने का आग्रह किया। इसके साथ ही टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने और दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण समेत कई अन्य परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को राज्य के धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों से जुड़े विशेष उपहार भी भेंट किए। इनमें मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बद्री गाय का घी, उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में उत्पादित पांच प्रकार के राजमा और शहद शामिल रहे।
केंद्र के सहयोग से तेज हो रहा उत्तराखंड का विकास
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में विकास की गति लगातार तेज हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य के दौरे के दौरान दिए गए सुझावों और मार्गदर्शन पर राज्य सरकार द्वारा की जा रही कार्यवाही की भी जानकारी दी।
धामी ने बताया कि उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है। इसके तहत चोपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर क्षेत्रों में विशेष योजनाएं तैयार की जा रही हैं। वहीं रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से ही लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुके हैं। राज्य सरकार जल्द ही इसके लिए अलग से नीति भी तैयार कर रही है।
केंद्र की मंजूरियों के लिए जताया आभार
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए धन्यवाद भी दिया। इनमें हरिद्वार कुंभ मेले के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना के तहत राष्ट्रीय जल विकास अभिकरण से फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरासी कुटिया के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये, पिथौरागढ़ की नैनी-सैनी हवाई पट्टी के लिए एमओयू, चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित हेली सेवाओं का संचालन, ऋषिकेश में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजना, चंपावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी रोड परियोजनाओं की स्वीकृति शामिल हैं।
नई परियोजनाओं को स्वीकृति देने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राज्य में कई नई परियोजनाओं को भी मंजूरी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल का विस्तार हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक किया जाए, जिससे पर्यटन और आवागमन दोनों को बड़ा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा उन्होंने राज्य में रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए नीति समर्थन और प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। धामी ने कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में रक्षा उपकरण उत्पादन औद्योगिक हब विकसित करने तथा रायवाला क्षेत्र में बीआई-डक ब्रिज के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा।
रेल और हवाई संपर्क को मजबूत करने की मांग
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से उत्तरकाशी जिले की चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के विस्तार का भी अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत ऋषिकेश से व्यासी खंड के जल्द लोकार्पण की मांग की।
धामी ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन में रोड-कम-रेल टनल, बागेश्वर-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन के सर्वे, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन को डबल ट्रैक बनाने तथा सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तरकाशी क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के निर्माण का भी प्रस्ताव प्रधानमंत्री के समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया और राज्य के विकास के लिए लगातार मिल रहे सहयोग और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।



