Uttarakhand: दून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, 14 घंटे का सफर अब एक घंटे में, सीएम धामी ने किया शुभारंभ

देहरादून। उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए गुरुवार से देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच नियमित हवाई सेवा शुरू हो गई है। इस सेवा के शुरू होने से अब तक 12 से 14 घंटे में पूरा होने वाला सफर महज एक घंटे में तय किया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में इस हवाई सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने एलायंस एयर की पहली उड़ान में सवार यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है और हवाई सेवाओं के विस्तार से प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।

रामनवमी के अवसर पर शुरू हुई सेवा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रामनवमी के पावन अवसर पर इस हवाई सेवा का शुभारंभ होना प्रदेश के लिए बेहद शुभ है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उड़ान (UDAN) हवाई संपर्क योजना के तहत प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई मार्ग से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है।

42 सीटर विमान से होगी उड़ान

देहरादून से पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे तक यह सेवा एलायंस एयर द्वारा संचालित की जा रही है। इस रूट पर करीब 42 सीटों वाले विमान से उड़ान भरी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा।

अन्य जिलों को जोड़ने की भी तैयारी

सरकार की योजना हवाई संपर्क योजना के तहत प्रदेश के अन्य जिलों को भी आपस में हवाई मार्ग से जोड़ने की है। इसके लिए विभिन्न हवाई अड्डों के विकास और नई उड़ानों के संचालन की तैयारी की जा रही है।

देहरादून से नैनी सैनी एयरपोर्ट तक शुरू हुई यह उड़ान सेवा सीमांत जिले पिथौरागढ़ के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी, क्योंकि अब लंबी सड़क यात्रा की परेशानी से राहत मिलेगी।

बिना रुकावट आगे बढ़ें प्रोजेक्ट: सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने एक मार्गदर्शक सिद्धांत अपनाया है कि एक बार कोई प्रोजेक्ट शुरू हो जाए, तो उसे बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि देहरादून और पिथौरागढ़ को जोड़ने वाली 42 सीटों की उड़ान सेवा शुरू होना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी और सीमांत क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।

Previous articleउत्तराखंड में पीएम सूर्यघर योजना के 5500 से अधिक लाभार्थियों को मिलेगी राज्य सब्सिडी, कैबिनेट के फैसले से खत्म होगा इंतजार
Next articleUttarakhand: मुख्यमंत्री धामी आज दिल्ली दौरे पर, केंद्रीय मंत्रियों व शीर्ष नेताओं से करेंगे मुलाकात, पीएम मोदी से भी हो सकती है भेंट