पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: चाची, चचेरे भाइयों और सगे भाई ने मिलकर युवक की हत्या, जंगल में फेंका शव

पिथौरागढ़:

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक की हत्या उसके ही परिवार के लोगों ने मिलकर कर दी। आरोप है कि युवक की चाची, दो चचेरे भाइयों और उसके सगे भाई ने मिलकर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को जंगल में फेंककर ठिकाने लगाने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जंगल से शव बरामद कर लिया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गांव में हुई वारदात, जंगल में फेंका शव

मामला वनराजी समुदाय के गांव भक्तिरवा किमखोला का है। पुलिस के अनुसार 22 मार्च को कुंदन सिंह (35) पुत्र स्वर्गीय बहादुर सिंह रजवार का किसी बात को लेकर अपनी चाची बसंती देवी (39) से विवाद हो गया। विवाद के दौरान बसंती देवी के दोनों बेटे जनक सिंह (25) और रमेश सिंह (21) भी मौके पर पहुंच गए।

इसी दौरान कुंदन सिंह का सगा भाई प्रदीप सिंह (30) भी वहां आ गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चारों ने मिलकर कुंदन सिंह पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव जंगल में छिपाया

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने के लिए अगले दिन 23 मार्च की सुबह शव को जंगल में ले जाकर फेंक दिया।

इधर जब कुंदन सिंह घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी रेखा देवी ने जौलजीबी थाने में घटना की तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और जंगल में तलाश अभियान चलाया। कुछ ही देर में पुलिस को जंगल से युवक का शव बरामद हो गया।

चारों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच के बाद चाची बसंती देवी, उसके दोनों बेटे जनक सिंह और रमेश सिंह के साथ ही मृतक के सगे भाई प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

आए दिन होता था विवाद

थाना प्रभारी जौलजीबी प्रदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि मृतक युवक का परिवार के लोगों के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। इसी कारण सगे भाई ने भी चाची और चचेरे भाइयों का साथ दिया और वारदात को अंजाम दिया।

पीछे छूट गए दो मासूम बच्चे

सीओ केएस रावत ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Previous articleगढ़वाल विवि का 12वां दीक्षांत समारोह: 79 मेधावियों को गोल्ड मेडल, 6806 छात्रों को मिली डिग्री