दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का अप्रैल में होगा उद्घाटन, पीएम मोदी कर सकते हैं शुभारंभ; दो-ढाई घंटे में तय होगा सफर

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: अप्रैल में पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ, दो-ढाई घंटे में पूरा होगा सफर

देहरादून। उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच आवागमन को तेज और सुविधाजनक बनाने वाला बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अब जल्द ही जनता के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल माह में इस एक्सप्रेसवे का औपचारिक उद्घाटन कर सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में या फिर 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर प्रधानमंत्री उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं और इसी दौरान इस महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ कर सकते हैं।

करीब 210–211 किलोमीटर लंबे इस छह लेन एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। अभी तक यह सफर लगभग 6 से 6.30 घंटे में पूरा होता है, लेकिन एक्सप्रेसवे पूरी तरह चालू होने के बाद यह दूरी सिर्फ दो से ढाई घंटे में तय की जा सकेगी।

13 हजार करोड़ की लागत से तैयार हुआ एक्सप्रेसवे

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को लगभग 13,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर सीधे देहरादून तक जाता है। दिल्ली में इसका एलिवेटेड सेक्शन सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ता है, जिससे दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सड़क संपर्क पहले से कहीं ज्यादा तेज और सुगम हो गया है।

इस परियोजना को उत्तर भारत की प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजनाओं में माना जा रहा है। इसके चालू होने से राजधानी दिल्ली से उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक अब कम समय में पहाड़ों की हसीन वादियों तक पहुंच सकेंगे। इसके साथ ही राज्य से व्यापार और कारोबार के सिलसिले में दिल्ली आने-जाने वाले व्यापारियों, उद्यमियों और आम यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

कई जिलों को मिलेगा सीधा फायदा

एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के खुलने से खेकड़ा, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे जिलों के लोगों को भी बड़ी सुविधा मिली है। यह मार्ग इन क्षेत्रों को दिल्ली-एनसीआर से तेज और वैकल्पिक कनेक्टिविटी प्रदान कर रहा है।

साथ ही उन सड़कों पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा जहां रोजाना जाम की समस्या बनी रहती थी। एक्सप्रेसवे पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली से देहरादून की यात्रा तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी।

यात्रियों के लिए बनेगा गेमचेंजर

विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे पर्यटन, व्यापार, उद्योग और आवागमन के लिहाज से गेमचेंजर साबित होगा। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

Previous articleदेहरादून में छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, मुजफ्फरनगर के छात्र की मौत; तीन युवक हिरासत में