उत्तराखंड कैबिनेट फेरबदल: नौ साल बाद धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग वापस, बंगाल चुनाव प्रचार में व्यस्त

देहरादून। उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभागों का बंटवारा कर दिया है। नए मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही कुछ पुराने मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ा फैसला कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग हटाने का रहा, जो उनके पास करीब नौ साल से था।

सरकार की ओर से किए गए विभागीय पुनर्गठन में चार वरिष्ठ मंत्रियों के कुछ विभाग बदले गए हैं। डॉ. धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग हटाया गया है, जबकि मंत्री सतपाल महाराज से पंचायतीराज और जलागम विभाग वापस लिया गया है। इसी तरह सुबोध उनियाल से तकनीकी शिक्षा और भाषा विभाग तथा गणेश जोशी से ग्राम्य विकास विभाग हटा दिया गया है।

वहीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और सौरभ बहुगुणा के विभागों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे पूर्व की तरह ही अपनी जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे।

नौ साल बाद बदली जिम्मेदारी

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के पास वर्ष 2017 में त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के गठन के बाद से शिक्षा के साथ स्वास्थ्य विभाग की भी जिम्मेदारी थी। लंबे समय तक स्वास्थ्य विभाग संभालने के बाद अब धामी सरकार के ताजा मंत्रिमंडल विस्तार में यह विभाग उनसे वापस ले लिया गया है।

अब डॉ. धन सिंह रावत के पास विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी रहेगी। सरकार का मानना है कि शिक्षा क्षेत्र में उनके अनुभव का उपयोग इन विभागों में बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में किए कई काम

डॉ. धन सिंह रावत इन दिनों पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। विभाग से हटाए जाने के बाद उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

उन्होंने बताया कि इस दौरान अस्पतालों के बुनियादी ढांचे का विस्तार किया गया और बड़ी संख्या में डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई। उनके अनुसार स्वास्थ्य विभाग में 10 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां कराई गईं।

डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए गए हैं।

Previous articleउत्तराखंड में गरजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बोले- 2027 में बीजेपी लगाएगी हैट्रिक, ‘धुरंधर धामी’ के नेतृत्व में तेजी से हुआ विकास
Next articleचैत्र नवरात्र में अनोखी साधना: दिव्यांग बाबा ने सिर पर उगाई जौ की हरियाली, मां धारी देवी को किया समर्पित