देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में शुक्रवार को भी मौसम खराब बना रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ तेज तूफान की चेतावनी जारी की है। इसके चलते कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून सहित उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में आंधी-तूफान भी आ सकता है। विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। वहीं तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है, जिनकी गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। देहरादून सहित कई मैदानी जिलों में तेज बारिश के दौर और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम पूरी तरह सामान्य नहीं रहेगा। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले दिनों की बात करें तो उत्तराखंड में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज कुछ दिनों तक बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 25 मार्च तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



