पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, मुनस्यारी जा रही कार खाई में गिरी
पिथौरागढ़। जिले के बंगापानी–मदकोट मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुनस्यारी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सेना के एक जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को कुछ युवक इनोवा कार से मदकोट के रास्ते मुनस्यारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगापानी से लगभग एक किलोमीटर पहले एन बैंड के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने जब कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला तो लक्ष्मण सिंह नेगी, पुत्र राम सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातोली (मुनस्यारी) व हाल निवासी जीआईसी पिथौरागढ़ तथा अंकित पांडे (27) पुत्र बसंत पांडे निवासी दौला, पिथौरागढ़ मृत पाए गए।
हादसे में गंभीर रूप से घायल आयुष पंत, पुत्र नरेंद्र पंत और देवेश पंत, दोनों निवासी पिथौरागढ़ को स्थानीय लोगों ने पहले निजी वाहनों से निकाला और बाद में 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के लिए रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय अस्कोट के पास आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की एएमसी (Army Medical Corps) में कार्यरत था। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और क्षेत्र में गहरा शोक छा गया।
फिलहाल घायल देवेश पंत का उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक दुर्घटना से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जता रहे हैं।



