देहरादून में LPG वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब गोदामों से नहीं मिलेगा सिलिंडर; सिर्फ होम डिलीवरी होगी

देहरादून: राजधानी देहरादून में रसोई गैस की बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने LPG वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब गैस एजेंसियों के गोदामों से उपभोक्ताओं को सीधे गैस सिलिंडर नहीं दिया जाएगा। प्रशासन के निर्देशानुसार अब रसोई गैस की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही की जाएगी

जिला प्रशासन ने यह निर्णय गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लग रही लंबी कतारों और बढ़ती भीड़ को देखते हुए लिया है। देर शाम अपर जिलाधिकारी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए। प्रशासन का कहना है कि गोदामों के बाहर लग रही भीड़ के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है।

नई व्यवस्था के तहत यदि कोई उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से गैस सिलिंडर बुक नहीं कर पा रहा है तो वह संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बुकिंग करवा सकता है। हालांकि बुकिंग कराने के बाद भी गैस सिलिंडर उपभोक्ता को एजेंसी या गोदाम से नहीं मिलेगा, बल्कि एजेंसी द्वारा उसे घर तक पहुंचाया जाएगा

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था भी लागू की गई है। इसके तहत शहर की 70 गैस एजेंसियों की निगरानी के लिए 30 अधिकारियों को नामित किया गया है। यह अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि गैस का वितरण नियमानुसार हो और प्रत्येक उपभोक्ता तक समय पर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलिंडर पहुंचे।

प्रशासन की टीमें गैस की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर भी कड़ी नजर रखेंगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों और गोदामों पर भीड़ न लगाएं और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही गैस बुकिंग कराएं।

Previous articleगैरसैंण बजट सत्र के बाद कांग्रेस का सरकार पर हमला, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य बोले—लोकतांत्रिक परंपराओं का हुआ उल्लंघन
Next articleपिथौरागढ़ हादसा: बंगापानी के पास खाई में गिरी इनोवा, सेना के जवान समेत तीन युवकों की मौत, एक गंभीर