बागेश्वर: कपकोट के रिखाड़ी बैंड में बोलेरो खाई में गिरी, दो महिलाओं की दर्दनाक मौत; पांच घायल

बागेश्वर में दर्दनाक हादसा: कपकोट के रिखाड़ी बैंड में खाई में गिरी बोलेरो, दो महिलाओं की मौत

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कपकोट क्षेत्र के रिखाड़ी बैंड के पास एक बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन खलझूनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कपकोट के रिखाड़ी बैंड के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दुर्घटना में मृत महिलाओं में से एक की पहचान पानुली देवी के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला की शिनाख्त अभी की जा रही है। हादसे में घायल पांच लोगों को एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की मदद से खाई से निकालकर अस्पताल ले जाया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेज दिया गया। बचाव दल घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने में जुटा हुआ है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार की व्यवस्था की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Previous articleउत्तराखंड में एलपीजी कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: 58 जगह छापे, 74 गैस सिलिंडर जब्त, चार एफआईआर दर्ज
Next articleदेहरादून में कुत्ता पालने के नए नियम लागू: पंजीकरण अनिवार्य, उल्लंघन पर 20 हजार तक जुर्माना और हो सकती है जेल