देहरादून में सनसनी: मांडूवाला के जंगल में कट्टे में बंद मिली युवती की लाश, 6 दिन पुराना शव; पहचान में जुटी पुलिस
Dehradun Crime News: राजधानी देहरादून में एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला इलाके में जंगल से एक युवती का शव कट्टे (बोरे) में बंद मिला है। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मांडूवाला क्षेत्र में सड़क किनारे स्थित जंगल से एक कट्टे से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कट्टे को खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव मिला। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग भी दंग रह गए और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि शव करीब छह से सात दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला के शव को घुटनों से मोड़कर कट्टे के अंदर भरा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, जिससे हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सके। इसके साथ ही पुलिस जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है, ताकि मृतका की पहचान हो सके।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव की हालत को देखते हुए यह करीब छह-सात दिन पुराना लग रहा है। फिलहाल पुलिस मृतका की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है। शिनाख्त के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना ने देहरादून में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोग भी घटना से दहशत में हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के परिजन या परिचित महिला पिछले कुछ दिनों से लापता हैं तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि शव की पहचान कर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा सके।



