Srinagar Garhwal: होली पर कीर्तिनगर में मारपीट से व्यापारियों में आक्रोश, बाजार बंद कर एसडीएम कार्यालय का किया घेराव

श्रीनगर गढ़वाल: होली के दिन कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने कीर्तिनगर बाजार पूरी तरह बंद रखा और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई।

बताया जा रहा है कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास कीर्तिनगर नैथाना क्षेत्र के कुछ युवकों और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।

इस मारपीट की घटना में एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने कीर्तिनगर बाजार बंद कर दिया और बड़ी संख्या में एसडीएम कार्यालय और कोतवाली कीर्तिनगर पहुंचकर घेराव किया। व्यापारियों ने प्रशासन से नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों के नियमित संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने और ओवरस्पीड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग भी की।

इस दौरान उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Previous articleउत्तराखंड में मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, मैदान से पहाड़ तक तापमान में उछाल; 7 मार्च से बदल सकता है मौसम