देहरादून में शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

देहरादून: शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप

देहरादून में शादी के महज तीन महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के समय मायके पक्ष ने ससुराल वालों की मांग के अनुसार दान-दहेज भी दिया था।

मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष उनकी बहन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करता था। परिवार का आरोप है कि ससुराल वाले समय-समय पर अलग-अलग मांगें कर कहकशा पर दबाव बनाते थे।

50 लाख रुपये की मांग का आरोप

परिजनों के मुताबिक 18 फरवरी 2026 को कहकशा ने फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहा है और रकम लाने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा है।

बताया गया कि 3 मार्च की रात करीब 11 बजे भी कहकशा ने अपने मायके फोन कर बताया था कि उसका पति, सास, ससुर, देवर और ननद उसे रुपये लाने के लिए परेशान कर रहे हैं।

देर रात आया ससुर का फोन

परिजनों के अनुसार, उसी रात करीब 1:30 बजे मृतका के ससुर यासीन का फोन आया और बताया गया कि कहकशा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार देहरादून पहुंचा, जहां अस्पताल में उन्हें पता चला कि ससुराल पक्ष कहकशा को पहले ही मृत अवस्था में अस्पताल लेकर आया था।

पति समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप

मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने मिलकर उनकी बहन की हत्या कर दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Previous articleChamoli Forest Fire: थराली के जंगलों में भीषण आग, 20 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र राख; गौशालाओं और ग्रामीणों पर मंडराया खतरा
Next articleउत्तराखंड में मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, मैदान से पहाड़ तक तापमान में उछाल; 7 मार्च से बदल सकता है मौसम