अमित शाह 7 मार्च को हरिद्वार में पांच लोगों को देंगे नागरिकता प्रमाणपत्र, सीएए के तहत होगा वितरण

हरिद्वार में समीक्षा बैठक के दौरान होगा कार्यक्रम

हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 7 मार्च को हरिद्वार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह एक विशेष कार्यक्रम में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के अंतर्गत पांच लोगों को भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र सौंपेंगे। प्रमाणपत्र प्राप्त करते ही संबंधित लोग आधिकारिक रूप से भारत के नागरिक बन जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री अपने दौरे के दौरान हरिद्वार में केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। इसी समीक्षा बैठक के दौरान नागरिकता प्रमाणपत्र वितरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

राज्य सरकार को भेजे गए पांचों नाम

जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिन पांच लोगों को नागरिकता प्रमाणपत्र दिए जाने हैं, उनके नाम राज्य सरकार को भेजे जा चुके हैं। सभी आवेदकों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और नियमानुसार उन्हें नागरिकता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम के तहत पात्र आवेदकों की जांच और सत्यापन की पूरी प्रक्रिया के बाद ही प्रमाणपत्र जारी किए जाते हैं।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के 162 लोगों को मिल चुकी नागरिकता

जनगणना निदेशालय के माध्यम से बीते एक वर्ष में पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 लोगों को सीएए के तहत भारतीय नागरिकता प्रदान की जा चुकी है। निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि इनमें अधिकांश लोग 1990 के दशक में या फिर वर्ष 2000 से 2010 के बीच भारत आए थे।

इन सभी आवेदनों का विधिवत परीक्षण करने के बाद उन्हें नागरिकता दी गई है।

बांग्लादेश से आए आवेदनों पर प्रक्रिया जारी

सीएए के तहत बांग्लादेश से आए लोगों ने भी भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया है। निदेशक के अनुसार, इन आवेदनों की प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। अभी तक उन्हें नागरिकता प्रदान नहीं की गई है, लेकिन दस्तावेजों की जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम के तहत पड़ोसी देशों से आए पात्र व्यक्तियों को निर्धारित शर्तों के आधार पर भारतीय नागरिकता प्रदान की जाती है। हरिद्वार में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इसी प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।

Previous articleDehradun Crime: घर में घुसकर युवक का अपहरण, मां से मांगी एक लाख की फिरौती; पांच आरोपी गिरफ्तार
Next articleHoli 2026: रंगों के उत्सव से जगमगाया विश्व, 40 से अधिक देशों में दिखा होली जैसा उल्लास