हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पास हेलीपैड पर जाने से रोकने पर दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि पुलिस अधिकारियों पर भड़क उठे। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर जमकर हंगामा हुआ और मंत्री ने एसपी सिटी से माफी की मांग पर अड़ गए। पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर आयोजित होना है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के मैदान में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरा।
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही कई भाजपा नेता और पदाधिकारी स्वागत के लिए हेलीपैड की ओर बढ़े। इसी दौरान दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि भी सीएम से मिलने आगे बढ़े, लेकिन सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।
बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर मंत्री एसपी सिटी पर भड़क उठे और कड़ी आपत्ति जताई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंत्री ने मौके पर ही विरोध दर्ज कराते हुए एसपी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव मंत्री को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। वीडियो में सचिव कहते सुनाई दे रहे हैं, “मैं माफी मांगता हूं,” लेकिन मंत्री इस पर सहमत नहीं होते और स्पष्ट कहते हैं कि माफी एसपी सिटी को ही मांगनी होगी।
स्थिति कुछ देर तक तनावपूर्ण बनी रही। बाद में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों और पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद कार्यक्रम की औपचारिकताएं आगे बढ़ाई गईं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं को हेलीपैड क्षेत्र में जाने से रोके जाने के मामले सामने आ चुके हैं। सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते पुलिस प्रशासन सख्ती बरतता है, लेकिन कई बार इससे विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और राजनीतिक हलकों में भी इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।



