जॉलीग्रांट में सनसनीखेज हत्या: मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद, साथी ने हथौड़े से की श्रमिक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जॉलीग्रांट: श्रमिक ने अपने साथी के सिर पर हथौड़ा मारकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून जिले के जॉलीग्रांट क्षेत्र में मजदूरी के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रानीपोखरी थाना क्षेत्र के थानो स्थित धारकोट इलाके में एक श्रमिक ने अपने ही साथी की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को रानीपोखरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि नीम करौली मंदिर धारकोट के पास एक निर्माणाधीन मकान के भीतर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल जॉलीग्रांट अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी बबलू के रूप में

पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान बबलू पुत्र रिक्खी राम निवासी ग्राम जरही मोतीपुर, जनपद बहराइच (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मृतक की पहचान उसके भाई प्रमोद कुमार द्वारा की गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए तथा मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आने पर मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने रानीपोखरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में मृतक के साथ मजदूरी करने वाले पप्पू साहनी पर हत्या का संदेह जताया गया।

आरोपी को भूईया मंदिर थानो मार्ग से किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और सूचना के आधार पर आरोपी पप्पू साहनी पुत्र रामशरण निवासी वार्ड नंबर 7, बांक बैंक, बेगूसराय शहर (बिहार) को भूईया मंदिर थानो रोड से गिरफ्तार कर लिया।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) नीरज सेमवाल ने बताया कि आरोपी और मृतक दोनों एक साथ मजदूरी का कार्य करते थे। पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया।

विवाद के बाद हथौड़े से किया हमला

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और बबलू धारकोट क्षेत्र में मजदूरी करते थे, जिसमें बबलू मिस्त्री का काम करता था। 22 फरवरी की रात दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर हाथापाई शुरू हो गई, इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर बबलू के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया।

वार लगते ही बबलू बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हलचल न होने पर वह घबरा गया।

शव पर कंबल डालकर कमरे में लगाया ताला

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अगले दिन उसने मृतक के शरीर पर कंबल डाल दिया और कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Previous articleहरिद्वार में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फिर फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए, दूसरों की जगह परीक्षा दे रही थीं दो युवतियां