देहरादून: नंदा गौरा योजना के तहत 33,251 बेटियों के खातों में 145.93 करोड़ रुपये डीबीटी से ट्रांसफर
देहरादून। उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 1,45,93,00,000 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह राशि लाभार्थी बालिकाओं के खातों में भेजी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार तक के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव को समाप्त करने और कन्या जन्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नंदा गौरा योजना संचालित की जा रही है।
जन्म पर 11 हजार, 12वीं पास करने पर 51 हजार की सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अलावा बेटी के 12वीं उत्तीर्ण करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 3,77,784 बालिकाओं को कुल 11,68,49,00,000 रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है।
सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। राज्य में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है, जिससे महिलाओं की भागीदारी और स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से सरकारी कार्यालयों की कार्य संस्कृति में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
लखपति दीदी योजना से आर्थिक सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के साथ-साथ सरकार ‘लखपति दीदी योजना’ के माध्यम से भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और समाज में लैंगिक असमानता को दूर करने में सहायक सिद्ध हुई है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इस वर्ष लाभान्वित 33,251 बालिकाओं में से 5,913 नवजात बालिकाएं हैं, जबकि 27,338 बालिकाओं को 12वीं पास करने पर यह सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने सभी लाभार्थी बेटियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।



