चमोली के पोखरी में प्राथमिक विद्यालय पैणी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कंप्यूटर व फर्नीचर जलकर नष्ट, बड़ा हादसा टला

चमोली।
चमोली जिले के विकासखंड पोखरी अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैणी में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर विद्यालय का कंप्यूटर सेट और फर्नीचर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय विद्यालय में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार करीब एक बजे विद्यालय में लगी वाई-फाई लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते चिंगारी ने पास रखे कंप्यूटर और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और तत्काल स्थानीय लोगों को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रहरी दलील सिंह ने तुरंत थाना पोखरी को अवगत कराया। सूचना पर दरोगा दलवीर सिंह नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने तक कंप्यूटर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

विद्यालय में तैनात शिक्षक कमल सिंह असवाल ने बताया कि वाई-फाई कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी, जिससे कंप्यूटर सेट और फर्नीचर को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आग तेजी से फैली, लेकिन सतर्कता के चलते इसे फैलने से रोक लिया गया।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना का जायजा लिया है। वहीं विद्यालय प्रशासन द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

Previous articleचारधाम यात्रा: यमुनोत्री पैदल मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के संचालन के लिए बनेगी सख्त एसओपी, पशु क्रूरता पर कड़ी कार्रवाई
Next articleहनुमान चालीसा पाठ को लेकर जौलीग्रांट के थाना क्षेत्र में बवाल, तनावपूर्ण माहौल; पुलिस ने थानो चौक पर लगाई बैरिकेडिंग