केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मिले सीएम धामी, हरिद्वार कुंभ 2027 और नमामि गंगे परियोजनाओं पर हुई अहम चर्चा

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों, गंगा संरक्षण और नमामि गंगे से जुड़ी परियोजनाओं पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के सफल, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत प्रस्तावित 408.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री धामी ने बाढ़ सुरक्षा से संबंधित 253 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति देने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत राज्य को अतिरिक्त धनराशि जारी करने तथा इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से सिंचाई के लिए लगभग 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे हरिद्वार जनपद के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

इन योजनाओं के माध्यम से लगभग 13 हजार हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। साथ ही क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान में भी यह परियोजनाएं अहम भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। साथ ही गंगा संरक्षण और स्वच्छता के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Previous articleकोटद्वार के मोहम्मद दीपक की दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात, गर्मजोशी से गले लगाकर किया स्वागत
Next articleहरिद्वार कुंभ 2027: जनवरी से अप्रैल तक होगा महापर्व, केंद्र ने जारी किए 500 करोड़, सीएम धामी ने जताया पीएम का आभार