देहरादून सिल्वर सिटी मॉल हत्याकांड: विक्रम शर्मा मर्डर केस में दो मददगार गिरफ्तार, पुलिस खुलासे के करीब

देहरादून। राजधानी देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस अब बड़े खुलासे के करीब पहुंच गई है। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की 13 फरवरी को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल शूटरों के दो मददगारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विक्रम की पत्नी और उसके भाई से भी विस्तृत पूछताछ की जा चुकी है।

हरिद्वार में यूपीआई से हुई थी गाड़ी बुकिंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के बेटे ने हरिद्वार में वाहन बुक कराने के लिए यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया था। वहीं दूसरे आरोपी ने शूटरों को वाहन, टिकट और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई थीं। पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

जांच अधिकारियों का दावा है कि डिजिटल साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग से कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया जा सकता है।

मॉल की सीढ़ियों पर मारी गई थीं सिर में गोलियां

13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई थी जब जिम से बाहर निकल रहे विक्रम शर्मा पर घात लगाए दो बदमाशों ने बेहद करीब से सिर पर कई गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देने के लिए तीन हमलावर बाइक से पहुंचे थे। दो शूटर सीढ़ियों के पास पहले से छिपे हुए थे, जबकि तीसरा कुछ दूरी पर बाइक लेकर इंतजार कर रहा था। गोली मारने के बाद हमलावर पैदल भागे और कुछ सौ मीटर दूर खड़ी काले रंग की बाइक से फरार हो गए।

50 से अधिक मुकदमे, कई हाईप्रोफाइल हत्याओं का आरोप

विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड के सिंहभूमि, जमशेदपुर का निवासी था और वर्तमान में देहरादून के अमन विहार में रह रहा था। उस पर झारखंड में हत्या, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। काशीपुर में उसका स्टोन क्रशर का कारोबार था और वह प्रॉपर्टी डीलिंग में भी सक्रिय बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार उसके कई कुख्यात अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंध रहे हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की साजिश तो नहीं है।

दुमका जेल में अखिलेश सिंह से पूछताछ

मामले की तह तक पहुंचने के लिए उत्तराखंड पुलिस की टीम झारखंड गई और दुमका जेल में बंद अखिलेश सिंह से लंबी पूछताछ की। बताया जाता है कि विक्रम शर्मा को अखिलेश का गुरु माना जाता था और उसे अपराध जगत में स्थापित करने में विक्रम की अहम भूमिका रही थी।

चर्चाएं हैं कि झारखंड में अपराध जगत के वर्चस्व को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव की स्थिति बनी थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्यों को खंगाल रही है।

पत्नी ने देवर पर लगाए आरोप

पुलिस पूछताछ के दौरान विक्रम की पत्नी ने अपने देवर अरविंद पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि कहीं पारिवारिक विवाद या कारोबारी रंजिश इस हत्याकांड की वजह तो नहीं बनी।

एसएसपी बोले- जल्द होगा खुलासा

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार काम कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल एविडेंस और संदिग्धों की लोकेशन का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा।

इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े मॉल परिसर में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंताएं बढ़ा दी हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

Previous articleDevprayag News: तोताघाटी में पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आया ट्रक, चालक की मौके पर मौत