देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से एक विशेष पांच किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट रोड से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस संदेश को आगे बढ़ाया।
फ्लैग ऑफ के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात और स्वच्छ पर्यावरण दोनों ही एक जिम्मेदार समाज की पहचान हैं। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से जहां दुर्घटनाओं में कमी आती है, वहीं पर्यावरण संरक्षण से आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित होता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।
कार्यक्रम में युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।



