देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में सोमवार को उत्तराखंड कांग्रेस ने राजधानी में विशाल रैली निकालकर लोकभवन का घेराव किया। रैली में प्रदेशभर से आए हजारों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनसमस्याओं पर ठोस कार्रवाई की मांग उठाई।
रैली की शुरुआत परेड ग्राउंड से हुई, जहां कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक मंच पर नजर आए। लोकभवन कूच से पहले आयोजित सभा में पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार पर महिला अपराध, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।
मंच पर एकजुट दिखे कांग्रेस के दिग्गज
सभा में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा और प्रदेश चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
इन मुद्दों पर घेरा सरकार को
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला अपराधों में वृद्धि, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा न मिलना, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, आपदा प्रभावितों को राहत और मुआवजा न मिलना, पलायन, जंगली जानवरों के हमलों में वृद्धि जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भय और अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है।
प्रचार सामग्री हटाने पर जताया विरोध
लोकभवन और राज्यपाल आवास कूच के लिए कांग्रेस द्वारा लगाए गए पोस्टर-बैनर और प्रचार सामग्री को सुबह हटाए जाने पर पार्टी नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जा रही आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने लागू किया रूट डायवर्जन
रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर में रूट डायवर्जन प्लान लागू किया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे और जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा।
युवा कांग्रेस ने दी चेतावनी
प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव सुरभि द्विवेदी ने कहा कि देवभूमि में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ युवा कांग्रेस ढाल बनकर खड़ी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन धर्म के नाम पर हिंसा फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि एक समय देहरादून देश-दुनिया में सुरक्षित शहर के रूप में पहचाना जाता था, लेकिन आज भय का वातावरण बनाया जा रहा है। उन्होंने बजरंग दल पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में हिंदू समाज के रक्षक हैं तो उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आवाज क्यों नहीं उठाई।
कांग्रेस का संदेश
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी जनहित के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उनका कहना है कि युवा कांग्रेस विभाजनकारी राजनीति को आगे नहीं बढ़ने देगी और प्रदेश में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए संघर्ष करती रहेगी।



