Mahashivratri 2026 के पावन अवसर पर चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। महाशिवरात्रि के महापर्व पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि विधिवत रूप से तय कर दी गई है। इस वर्ष Kedarnath Temple के कपाट 22 अप्रैल 2026 को सुबह 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर केदारनाथ धाम के रावल जगद्गुरु भीमाशंकर लिंग की उपस्थिति में ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसी धार्मिक अनुष्ठान के बाद केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की औपचारिक घोषणा की गई।
चारधाम यात्रा 2026 के तहत केदारनाथ धाम में परंपरागत कार्यक्रमों का क्रम भी तय कर दिया गया है। 18 अप्रैल को भैरवनाथ पूजा संपन्न होगी। इसके पश्चात 19 अप्रैल को चल उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ स्थित शीतकालीन गद्दीस्थल से फाटा के लिए प्रस्थान करेगी। 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड में रात्रि विश्राम करेगी, जबकि 21 अप्रैल को चल उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। अगले दिन 22 अप्रैल को विधिवत रूप से कपाट खोल दिए जाएंगे।
वहीं, Badrinath Temple के कपाट 23 अप्रैल 2026 को खोले जाएंगे। मंदिर समिति के अनुसार कपाट ब्रह्म मुहूर्त सुबह 6:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा पहले ही वसंत पंचमी के दिन कर दी गई थी।
इसके अलावा, उत्तराखंड के अन्य दो प्रमुख धामों Gangotri Temple और Yamunotri Temple के कपाट अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर खोले जाएंगे। वर्ष 2026 में अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को है। हालांकि, मंदिर समितियों की उपस्थिति में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का सटीक समय (मुहूर्त) बाद में औपचारिक रूप से घोषित किया जाएगा।
चारधाम यात्रा 2026 को लेकर तिथियां तय होने के साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। प्रशासन और मंदिर समितियां यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं।



