Uttarakhand Police Transfer: अपराध नियंत्रण के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, देहरादून-हरिद्वार समेत 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

देहरादून।
प्रदेश में बढ़ते अपराधों और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शुक्रवार शाम उत्तराखंड पुलिस में व्यापक स्तर पर तबादले किए गए। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत कुल 20 आईपीएस अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है, जिनमें आठ जिलों के पुलिस कप्तान भी शामिल हैं।

देहरादून में 48 घंटे के भीतर हुई दो हत्याओं के बाद एसएसपी अजय सिंह को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून की कमान सौंपी गई है। वहीं, अजय सिंह को एसएसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया एसएसपी बनाया गया है।

ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना नियुक्त किया गया है। उनकी जगह चंपावत के एसपी रहे अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है। चंपावत की जिम्मेदारी अब पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को सौंपी गई है। वहीं, रुद्रप्रयाग के एसपी अक्षय प्रहलाद कोण्डे को एसपी पिथौरागढ़ बनाया गया है और उनकी जगह एसपी अपराध एवं यातायात ऊधमसिंह नगर निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग भेजा गया है।

इसके अलावा, एसपी अपराध एवं यातायात हरिद्वार जितेंद्र कुमार मेहरा को एसपी बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी बागेश्वर चंद्रशेखर आर. घोड़के को एसएसपी अल्मोड़ा बनाया गया है, जबकि एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक के पद पर तैनात किया गया है।

सचिव गृह शैलेश बगोली की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एसडीआरएफ निवेदिता कुकरेती को एसडीआरएफ में आईजी बनाया गया है। एसएसपी विजिलेंस प्रह्लाद नारायण मीणा को डीआईजी विजिलेंस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 31वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक यशवंत सिंह को पीटीसी नरेंद्रनगर में प्रधानाचार्य बनाया गया है।
एसपी अभिसूचना प्रदीप कुमार राय को एसपी सीबीसीआईडी, एसपी हरिद्वार जितेंद्र चौधरी को एसपी अपराध एवं यातायात ऊधमसिंह नगर, एसपी हरिद्वार निशा यादव को एसपी अपराध एवं यातायात हरिद्वार, एएसपी सीआईडी मनोज ठाकुर को एएसपी कोटद्वार तथा एएसपी चंद्रमोहन सिंह को एसपी क्षेत्रीय अभिसूचना के पद पर तैनाती दी गई है।

अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण के लिए केवल घटनाओं के बाद की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूर्व-निवारक रणनीति को भी मजबूत किया जाए। उन्होंने मुखबिर तंत्र को सशक्त करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन बिना किसी भय के पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचा सके और उन्हें त्वरित न्याय मिले—यह राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो तथा अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित स्थान न बचे।

Previous articleदेहरादून में एक और सनसनीखेज वारदात, जिम से बाहर निकलते युवक को सिर में मारी गोली; राजधानी में दहशत