देहरादून (क्राइम डेस्क)।
Dehradun के तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और टेनिस खिलाड़ी अर्जुन की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि मृतक की मां बीना शर्मा ने ही रची थी। संपत्ति और पैसों के विवाद के चलते मां ने बेटे की हत्या के लिए शूटरों को 12 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
बुधवार को एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बलिदानी कोटे से परिवार को मिली गैस एजेंसी के लोन चुकाने और प्रॉपर्टी से जुड़े पैसों को लेकर मां-बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने इस खौफनाक साजिश का रूप ले लिया।
12 लाख की सुपारी, तीन लाख पहले दिए
एसएसपी के अनुसार, बीना शर्मा ने पेशेवर शूटरों को कुल 12 लाख रुपये में सुपारी दी थी। इसमें से तीन लाख रुपये एडवांस के तौर पर पहले ही दे दिए गए थे, जबकि शेष रकम हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी।
25 दिन पहले रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बीना शर्मा ने करीब 25 दिन पहले ही बेटे की हत्या की योजना बनानी शुरू कर दी थी। वह शातिर अपराधियों की तरह अर्जुन की हर गतिविधि पर नजर रख रही थी। यहां तक कि उसने गैस एजेंसी के मैनेजर से अर्जुन की दिनचर्या और मूवमेंट की जानकारी भी ली थी, ताकि सही समय पर वारदात को अंजाम दिया जा सके।
आठ करोड़ रुपये बने हत्या की असली वजह
पुलिस के मुताबिक, बीना शर्मा ने हाल ही में जीएमएस रोड स्थित एक प्रॉपर्टी बेची थी, जिससे उसके खाते में करीब 14 करोड़ रुपये आए थे। इनमें से आठ करोड़ रुपये उसने विनोद नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। जब अर्जुन ने इस लेनदेन का विरोध किया और सवाल उठाए, तो मां ने बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
मुठभेड़ में शूटर और सहयोगी गिरफ्तार
हत्याकांड के बाद देहरादून पुलिस ने व्यापक स्तर पर नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों में मुख्य शूटर और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया।
तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
इसी तरह, लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। वह एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
हथियार और स्कूटी बरामद, जुर्म कबूल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए अर्जुन हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
देहरादून पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।



