कोटद्वार।
दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद जैसे-तैसे शांत हो रहे कोटद्वार में एक बार फिर माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इस वीडियो में हिंदू रक्षा दल ने जिम संचालक दीपक कुमार के विरोध का एलान करते हुए गुरुवार को कोटद्वार पहुंचने की घोषणा की है। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है और सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
बताया जा रहा है कि हालिया विवाद के बाद कोटद्वार में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही थी, लेकिन इस वायरल वीडियो ने फिर से हलचल मचा दी। वीडियो में हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश से कोटद्वार पहुंचकर दीपक कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने की बात कह रहे हैं। संगठन का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति समाज को बांटने का प्रयास कर रहा है और इसके विरोध में कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाहरी लोगों की कोटद्वार में एंट्री रोकने के लिए उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस संबंध में एएसपी कोटद्वार चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि यूपी से सटी सीमाओं पर नियमित रूप से रूटीन चेकिंग की जा रही है और वायरल वीडियो को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। उन्होंने आम नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही समाज विरोधी और भड़काऊ सामग्री के प्रसार से बचने का भी आग्रह किया गया है।
वहीं, पूर्व सैनिकों समेत कई स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। उनका कहना है कि बाहरी तत्वों द्वारा कोटद्वार आकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। संगठनों ने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि कोटद्वार में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।



