देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड: 42 करोड़ के लेनदेन विवाद में कारोबारी की हत्या, मां समेत चार पर मुकदमा, इलाके में दहशत

Dehradun Crime News:
उत्तराखंड की राजधानी Dehradun के डालनवाला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दिनदहाड़े हुए गोलीकांड ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। तिब्बती मार्केट के सामने अज्ञात हमलावरों ने 42 वर्षीय कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने पूरे जिले में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।

तिब्बती मार्केट के सामने बरसी गोलियां

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे कंट्रोल रूम को तिब्बती मार्केट के बाहर फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अर्जुन शर्मा जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। उन्हें तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे और शहर के जाने-माने कारोबारी माने जाते थे।

टेनिस खेलकर लौटते वक्त बनाया गया निशाना

पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्जुन शर्मा रोजाना परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने जाते थे। बुधवार को भी टेनिस खेलने के बाद वह तिब्बती मार्केट के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने मार्केट के बाहर एक ठेली से अनानास खरीदा और पास ही अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं और मौके से कोर्ट की दिशा में फरार हो गए।

पत्नी की तहरीर पर मां समेत चार नामजद

दोपहर बाद मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने डालनवाला थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अर्जुन की मां बीना शर्मा, साथी कारोबारी विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पत्नी ने इन सभी पर हत्या की साजिश में शामिल होने का शक जताया है।

42 करोड़ रुपये के लेनदेन का विवाद आया सामने

प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पैसों के लेनदेन को माना जा रहा है। अमरदीप गैस एजेंसी में कार्यरत वीके कुमार ने बताया कि अर्जुन शर्मा और विनोद उनियाल के बीच 42 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का विवाद चल रहा था। अर्जुन लगातार विनोद पर रकम लौटाने का दबाव बना रहे थे। इसके अलावा, एक वर्ष पहले अर्जुन की मां से तीन करोड़ रुपये लेकर दो फ्लैट खरीदने का मामला भी विवाद की जड़ बताया जा रहा है।

पहले से चल रहा था पारिवारिक विवाद

पुलिस के मुताबिक, अर्जुन का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते अर्जुन की मां ने पहले ही अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। अब इस एंगल से भी पुलिस गहराई से जांच कर रही है।

सीसीटीवी में दिखे हमलावर, जिलेभर में चेकिंग

सीसीटीवी फुटेज में नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो हमलावर गोली मारकर फरार होते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। शहर के साथ-साथ जिले की सीमाओं पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं—पारिवारिक विवाद, कारोबारी लेनदेन और सीसीटीवी फुटेज—को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Previous articleअर्जुन हत्याकांड: सिगरेट पीकर तसल्ली से इंतजार, फिर कारोबारी के सीने में मारी गोली; इलाके में दहशत