देहरादून में सनसनीखेज वारदात, टेनिस खिलाड़ी व कारोबारी की गोली मारकर हत्या
Dehradun Crime News: राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई गोलीकांड की इस वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया है। तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और शौकिया टेनिस खिलाड़ी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और दहशत के माहौल में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हत्या से पहले आरोपी बेहद इत्मीनान से पास की एक दुकान के बाहर खड़े होकर सिगरेट पीते रहे। वे काफी देर तक वहीं खड़े रहकर अर्जुन के बाहर आने का इंतजार करते रहे। जैसे ही अर्जुन टेनिस खेलकर बाहर निकले, हमलावर सक्रिय हो गए।
फल लेकर लौटते समय मारी गोली
बताया जा रहा है कि अर्जुन पहले अपनी कार तक गए और टेनिस किटबैग पिछली सीट पर रखा। इसके बाद वे फल खरीदने के लिए पास ही गए। फल लेकर लौटते समय बदमाशों ने बेहद नजदीक से सीधा उनके सीने पर गोली दाग दी और मौके से फरार हो गए। चश्मदीदों ने बताया कि गोली चलने की आवाज केवल एक बार सुनाई दी।
सीने में लगी गोली, देसी तमंचे की आशंका
हमलावरों ने बेहद सटीक निशाना साधते हुए अर्जुन के सीने में गोली मारी। शुरुआती जांच में देसी तमंचे के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञ सभी पहलुओं की गहन जांच कर रहे हैं।
पत्नी की तहरीर पर चार नामजद
मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में सास बीना शर्मा, सास के साथी कारोबारी विनोद उनियाल, विनोद की पत्नी संगीता उनियाल और एसके मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉ. अजय खन्ना को नामजद किया गया है। इन सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
खून से सने अनानास के टुकड़े बने खौफनाक गवाह
हत्या तिब्बती मार्केट के गेट नंबर सात और आठ के बीच हुई। फॉरेंसिक टीम के मौके पर पहुंचने तक सड़क पर कटे हुए अनानास के टुकड़े खून से सने पड़े रहे। फल विक्रेता ने बताया कि अर्जुन ने फल खरीदते समय मोलभाव भी किया था और कहा था कि “ठीक दाम लगा लो, रोज तुमसे ही फल खरीदूंगा।”
खेलों के शौकीन थे अर्जुन
अर्जुन टेनिस खेलने के बाद परेड ग्राउंड से बाहर निकले थे। उनकी कार की पिछली सीट पर किटबैग रखा हुआ था। वे खेलों के शौकीन थे और जिला स्तरीय टेनिस प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुके थे।
स्कूटी से भागे बदमाश, CCTV खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद आरोपी करीब 250 मीटर दूर बुद्धा चौक की ओर भागे। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो बदमाश घटना के तुरंत बाद उसी दिशा में जाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे किस ओर गए, इसका पता लगाने के लिए आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
दहशत में बंद हुईं दुकानें
घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई, जब बाजार की दुकानें खुलनी शुरू हो रही थीं। गोली चलने की खबर फैलते ही दुकानदारों में भय व्याप्त हो गया और अधिकांश दुकानों के शटर गिरा दिए गए। पुलिस के पहुंचते ही आसपास मौजूद लोग भी वहां से हटने लगे। जालियों के भीतर से खड़े दुकानदार और ग्राहक पुलिस व भीड़ को देखते रहे—उनके चेहरों पर खौफ साफ झलक रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



