हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले किशोर के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक का दोस्त ही कातिल निकला। बहनों पर अभद्र टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्थर से सिर कुचलकर किशोर की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है।
हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कनखल थाने में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 7 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का खून से सना शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए और शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान कुनाल (15) पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी, थाना लक्सर (वर्तमान पता: लाटोवाली, कनखल) के रूप में हुई। मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन पड़ताल शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
एसएसपी ने बताया कि खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदते हुए और एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाते हुए देखा गया। स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम निवासी दुर्गा कॉलोनी (पतवारी मंदिर के पीछे), थाना गोवर्धनपुर, उत्तर प्रदेश (वर्तमान पता: लाटोवाली, कनखल) के रूप में हुई।
मथुरा से हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी के मथुरा भागने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना की गई और उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
नशे में हुआ विवाद, पत्थर से सिर कुचलकर हत्या
आरोपी ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था और कुनाल उसका दोस्त व पड़ोसी था। 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में कुनाल ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने उसे थप्पड़ भी मारे, जिससे गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर कुनाल के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण कुनाल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



