उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक रविवार को मौसम साफ रहा और दिनभर चटख धूप खिली रही। हालांकि, सोमवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मैदानी इलाकों में जहां कोहरा छाने की संभावना जताई गई है, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के चलते ठंड में एक बार फिर इजाफा होने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे सुबह और देर रात दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। खासतौर पर प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई जा रही है। इससे पर्वतीय मार्गों पर फिसलन बढ़ सकती है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
आने वाले दिनों के पूर्वानुमान पर नजर डालें तो 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का रुख कुछ इसी तरह बना रहने की संभावना है। इसके बाद 12 फरवरी से मौसम शुष्क होने की उम्मीद है। मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और लोगों को दिन में हल्की गर्मी का अहसास हो सकता है।
रविवार को देहरादून में चटख धूप खिलने के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह का हाल प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिला, जहां दिन में धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।



