चंपावत: पॉलिटेक्निक की प्रयोगशाला में केमिकल बोतल फटी, तीखी गंध से सात छात्राएं व शिक्षिका बेहोश

चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में शनिवार को प्रयोगशाला में प्रैक्टिकल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं अपनी शिक्षिका के साथ प्रयोगात्मक कार्य कर रही थीं, इसी दौरान पास में रखी एसिटल क्लोराइड (Acetyl Chloride) की बड़ी बोतल अचानक नीचे गिरकर फट गई। बोतल टूटते ही केमिकल की तीखी गंध पूरे लैब में फैल गई, जिससे वहां मौजूद सात छात्राएं और शिक्षिका बेहोश हो गईं।

घटना के बाद संस्थान परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और अन्य छात्रों ने तत्काल सभी को बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता देते हुए एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि केमिकल के प्रभाव से पीड़ित छात्राओं और शिक्षिका को सांस लेने में दिक्कत, खांसी, आंखों में जलन और बेहोशी जैसी समस्याएं हुईं। एहतियातन सभी को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखकर उपचार दिया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्रशासन और संस्थान प्रबंधन ने घटना की जानकारी लेकर प्रयोगशाला में सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में केमिकल के सुरक्षित भंडारण और हैंडलिंग को लेकर सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई जा रही है। घटना के बाद से संस्थान में सुरक्षा उपायों को और सख्त करने पर विचार किया जा रहा है।

Previous articleउत्तराखंड दौरा: अपने गांव में सुबह भ्रमण पर निकले सीएम योगी आदित्यनाथ, स्कूल पहुंचने पर बच्चों ने किया आत्मीय स्वागत