उत्तराखंड। उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह अपने गांव पहुंचकर ग्रामीणों और बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सीएम योगी अपने गांव पंचूर में भ्रमण पर निकले। उनके गांव में आने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर पंक्तिबद्ध खड़े हो गए और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
गांव भ्रमण के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने घरों के बाहर खड़े बच्चों और ग्रामीणों से कुशलक्षेम पूछी। बच्चों और युवाओं ने उनके पैर छुए, जबकि उम्रदराज लोगों को सीएम योगी ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री बच्चों से घुल-मिलकर बातचीत करते नजर आए, जिससे माहौल पूरी तरह आत्मीय बन गया।
इस दौरान पैंया गांव से अपनी बुआ की बेटी के विवाह समारोह में पहुंचे प्रिशा बेलवाल, शिवन्या बेलवाल, शौर्य बेलवाल, भाविक बेलवाल, आरित बेलवाल और आकर्ष बेलवाल ने बताया कि उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को पहली बार इतने करीब से देखा। बच्चों में मुख्यमंत्री से मिलने और बातचीत करने को लेकर खासा उत्साह दिखा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वयं आगे बढ़कर बच्चों के साथ फोटो भी खिंचवाई। बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। वहीं अभिभावक विनोद बेलवाल, अनिल बेलवाल, सुशील बेलवाल, सुनील, शशि, धीरज और नीरज ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं था कि वे इतनी नजदीक से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पाएंगे। उन्होंने भी सीएम योगी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण
अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर स्थित जनता इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराह्न करीब सवा तीन बजे यमकेश्वर हेलिपैड पर पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद वे हेलिपैड के समीप स्थित यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना की।
दोपहर 3:34 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे और नवनिर्मित विद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि विद्यालय को भव्य भवन उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक माह के भीतर छात्र-छात्राओं के लिए फर्नीचर सहित सभी मूलभूत सुविधाएं भी पूरी कर दी जाएंगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने गांव में प्रवास किया था और शनिवार सुबह गांव भ्रमण पर निकलकर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।



