Uttarakhand Earthquake: बागेश्वर में भूकंप के झटकों से दहशत, रिक्टर स्केल पर 3.4 रही तीव्रता

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में एक बार फिर भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। शुक्रवार सुबह बागेश्वर जिला और उसके आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 मापी गई, जिससे कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित हुआ।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप सुबह 07:48:37 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र कपकोट क्षेत्र में जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। सुबह-सुबह आए झटकों के कारण कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।

जिला प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले की किसी भी तहसील या गांव से अब तक क्षति की कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से संपर्क करें। विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तराखंड भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, ऐसे में समय-समय पर हल्के झटके महसूस होना असामान्य नहीं है।

Previous articleउत्तराखंड विस चुनाव 2027: टिकटों के गणित में फंसी कांग्रेस, बड़े नेताओं की सीटों पर अब भी सस्पेंस
Next articleChamoli News: ग्रीन और मसाला टी के बाद बाजार में उतरी कंडाली टी, खून की कमी दूर करने समेत कई औषधीय गुणों से भरपूर