उत्तराखंड में RSS की पहल, टिहरी और कर्णप्रयाग में आयोजित हुआ विराट हिंदू सम्मेलन, कलश यात्रा के साथ दिया एकता का संदेश

उत्तराखंड।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहल पर प्रदेश के टिहरी और कर्णप्रयाग में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज के भीतर व्याप्त भेदभाव को समाप्त कर आपसी भाईचारे, एकता और सनातन संस्कृति के संरक्षण को मजबूत करना रहा।

टिहरी जनपद के नई टिहरी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन से पूर्व नगर क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा का नेतृत्व महा मंडलेश्वर स्वामी स्वरुपानंद यति महाराज ने किया। कलश यात्रा विद्या मंदिर प्रांगण से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए महा मंडलेश्वर स्वामी स्वरुपानंद यति महाराज ने कहा कि हिंदू समाज को जाति, वर्ग और संप्रदाय से ऊपर उठकर एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आपसी एकता और सांस्कृतिक चेतना से ही समाज सशक्त बन सकता है।

वहीं, चमोली जनपद के कर्णप्रयाग नगर में रविवार को मुख्य बाजार क्षेत्र में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में नगर के विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सनातन संस्कृति के संरक्षण, धार्मिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक समरसता पर विशेष जोर दिया गया।

सम्मेलन को उमा माहेश्वर आश्रम के महंत ऐश्वर्यनाथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक राजेंद्र सिंह भंडारी तथा सेवानिवृत्त शिक्षिका निमिलता नेगी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में संस्कारों की मजबूती और सांस्कृतिक जागरूकता के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतर आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में नगर में सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। सम्मेलन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली।

Previous articleगंगा किनारे स्केच बनाकर दिल जीत रहा कलाकार, 15 मिनट में तैयार करता है जीवंत तस्वीरें; देशी-विदेशी सैलानी हुए मुरीद
Next articleमसूरी चार दुकान रोड पर बड़ा हादसा, रेलिंग तोड़कर खाई में गिरा वाहन, चालक समेत दो लोग सुरक्षित