मसूरी के चार दुकान रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया, जब एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित दो लोग सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और दोनों व्यक्ति सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना सिटी कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से मिली थी। सूचना में बताया गया था कि एक वाहन सड़क से नीचे गिर गया है और उसमें आग लगने की आशंका है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में एक टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि पिकअप वाहन संख्या UK 09 CA 1086 चार दुकान से आगे सड़क से नीचे गिरा हुआ था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि वाहन में किसी प्रकार की आग नहीं लगी थी, जैसा कि प्रारंभिक सूचना में बताया गया था।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में वाहन सवार दोनों व्यक्तियों को कोई चोट नहीं आई है। दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दुकान रोड पर मोड़ अधिक होने और सड़क संकरी होने के कारण अक्सर हादसों की आशंका बनी रहती है। प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम और मजबूत करने की मांग भी उठ रही है।



