किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ रुद्रपुर में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान भावुक हो गए और फफक-फफक कर रो पड़े। उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उनके बेटे और नगर निगम पार्षद सौरभ राज बेहड़ ने अपने ऊपर हुए कथित हमले की साजिश खुद रची थी। विधायक ने इस पूरे प्रकरण पर गहरा दुख जताते हुए आम जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। साथ ही पूरे मामले में सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी प्रकट किया।
प्रेसवार्ता में विधायक बेहड़ ने कहा कि “अपना ही सिक्का खोटा निकल गया।” बेटे की इस हरकत से आहत विधायक ने ऐलान किया कि वह अब सौरभ से हमेशा के लिए सभी पारिवारिक और सामाजिक संबंध समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सौरभ ने अपने दोस्त इंदर के साथ मिलकर खुद पर हमला करवाया था। इस घटना से न केवल परिवार, बल्कि समाज और पार्टी की भी छवि को नुकसान पहुंचा है।
विधायक ने बताया कि बेटे के घरेलू मामले पत्नी के साथ चल रहे थे, जिसकी जानकारी उसे उन्हें देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि जब सौरभ ने उन्हें किडनी दान की थी, तब से उनकी सहानुभूति बेटे के प्रति अधिक थी, लेकिन इस तरह की साजिश किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है। प्रेसवार्ता के दौरान उनकी आंखों में आंसू साफ दिखाई दे रहे थे।
उल्लेखनीय है कि रविवार शाम किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र सौरभ राज बेहड़ पर बाइक सवारों द्वारा हमले की खबर सामने आई थी। बताया गया था कि वह स्कूटी से अकेले आवास विकास पुलिस चौकी जा रहे थे, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन लोगों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। गिरने के बाद दो लोगों ने उनके साथ मारपीट की। शोर मचने पर आसपास के लोग जमा हुए, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल सौरभ को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा समेत कई लोग अस्पताल पहुंचे। उस समय विधायक बेहड़ ने कहा था कि जांच पूरी होने तक वह किसी पर आरोप नहीं लगाएंगे, लेकिन यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस को इसके परिणाम भुगतने होंगे।
इस मामले को लेकर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा और मेयर विकास शर्मा भी अस्पताल पहुंचे थे। मेयर ने बताया था कि उन्होंने इस संबंध में विधायक तिलक राज बेहड़ की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कराई थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा था कि अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
अब पुलिस द्वारा मामले के खुलासे के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि सौरभ राज बेहड़ ने खुद पर हमले की साजिश रची थी। इस खुलासे के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।



