Uttarakhand Weather Alert: दून समेत छह जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट, 14 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राज्य के छह जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जैसे मैदानी जिलों के साथ-साथ नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों में भी घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। कोहरे के चलते सुबह और देर रात के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

प्रदेश में लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने का सीधा असर तापमान पर देखने को मिल रहा है। मौसम शुष्क रहने के कारण पूरे राज्य में सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। पर्वतीय इलाकों में शीतलहर और पाले का असर बढ़ गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा जनजीवन के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नौ जनवरी को भी इन छह जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सूखी ठंड से फिलहाल निजात मिलने की उम्मीद कम ही जताई जा रही है। विभाग का कहना है कि 14 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और इस दौरान बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं।

यदि तापमान की बात करें तो बृहस्पतिवार को दिनभर धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। राजधानी देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कुछ ऐसा ही हाल रहा।

मौसम विभाग ने कोहरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर वाहन चालकों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

Previous articleराष्ट्रीय प्रवासी दिवस: गांव लौटे प्रवासियों ने बदली तस्वीर, स्वरोजगार से जगा रहे हैं आत्मनिर्भर उत्तराखंड की उम्मीद
Next articleअंकिता भंडारी हत्याकांड: 10 जनवरी को देहरादून में मशाल जुलूस, 11 को उत्तराखंड बंद का आह्वान, CBI जांच की मांग तेज