उत्तरकाशी।
जनपद उत्तरकाशी में यमुनोत्री हाईवे के समीप गुलदार के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। बर्नीगाड गंगनानी धारा क्षेत्र के जंगलों में बकरी चुगा रहे जरड़ा गांव के दो ग्रामीणों पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दोनों ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरड़ा गांव निवासी अभी सिंह पुत्र राम सिंह और पीनाठिया सिंह पुत्र कौंर सिंह यमुनोत्री हाईवे पर स्थित गंगनानी धारा के पास अपनी बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक अभी सिंह पर हमला कर दिया। अपने साथी को बचाने के लिए पीनाठिया सिंह आगे बढ़े तो गुलदार ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद दोनों ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिस पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप चौहान ने बताया कि यह क्षेत्र में गुलदार के हमले की पहली घटना है। इस घटना के बाद बर्नीगाड कस्बे और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों में डर है कि जंगल से सटे इलाकों में गुलदार की मौजूदगी से भविष्य में और भी घटनाएं हो सकती हैं।
उप प्रभागीय वनाधिकारी, अपर यमुना वन प्रभाग साधु लाल पलियाल ने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पीड़ितों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही गश्ती टीम तैनात की जाएगी।
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ाने और पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।



