देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रदेश में पुष्प उत्पादन को नई दिशा देने की पहल करते हुए मुख्यमंत्री आवास परिसर में 17 प्रजातियों के चार हजार ट्यूलिप उगाने की मुहिम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ स्वयं ट्यूलिप के बल्ब रोपकर अभियान की शुरुआत की।
इस अभियान के तहत लेक पर्पल और बाईकलर जैसी विशेष रंगत वाली ट्यूलिप प्रजातियों को भी शामिल किया गया है, जो अपने आकर्षक रंगों और सुंदरता के लिए जानी जाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्यूलिप जैसे उच्च मूल्य वाले पुष्पों की खेती से प्रदेश के किसानों और उद्यमियों को नई आर्थिक संभावनाएं मिल सकती हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तराखंड में ट्यूलिप पुष्प के व्यावसायिक उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने पुष्प उत्पादन और बागवानी के क्षेत्र में नवाचार अपनाने पर भी विशेष जोर दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन की तकनीक, देखरेख और संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री आवास परिसर में चल रहे मशरूम उत्पादन, मौनपालन (बी-कीपिंग) और अन्य बागवानी से जुड़े कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बागवानी और पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में ऐसे प्रयास न केवल पर्यावरण को सुंदर बनाते हैं, बल्कि स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड ट्यूलिप उत्पादन के क्षेत्र में भी अपनी विशेष पहचान बनाएगा।



